परिवहन विभाग ने कन्नौद और खातेगांव क्षेत्र में कार्यवाही कर 65 हजार का शमन शुल्क वसूला-RTO देवास

परिवहन विभाग ने कन्नौद और खातेगांव क्षेत्र में कार्यवाही कर 65 हजार का शमन शुल्क वसूला….
दो स्कूल मैजिक वाहनों को दस्तावेज नहीं होने पर जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा……
देवास जिले में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत कन्नौद एवं खातेगांव क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों की स्कूल बसों तथा यात्री बसों की जांच की गई। जांच कार्यवाही के दौरान डैली पब्लिक स्कूल कुसमानिया, बालाजी एकेडमी हरणगांव, संत सिंगाजी स्कूल संदलपुर, डिजीटल कान्वेंट स्कूल संदलपुर, मेकलसुता एकेडमी खातेगांव, चन्द्रकाली स्कूल खातेगांव, अरिहंत पब्लिक स्कूल खातेगांव एवं मार्ग पर संचालित अन्य शैक्षणिक संस्थान के लगभग 54 स्कूल बसों की सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुरूप मापदण्ड पूर्ण होने संबंधी जांच की गई।
चैकिंग कार्यवाही में स्कूल बसों के अतिरिक्त मार्ग पर संचालित यात्री बसों की भी जांच की गई। जिसमें 16 वाहनों के दस्तावेजों में अनियमितताएं जाने पर चालानी कार्यवाही की जाकर 65 हजार का शमन शुल्क वसूल किया गया। साथ ही दो स्कूल मैजिक वाहनों को दस्तावेज नहीं होने के कारण जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
चैकिंग के दौरान स्कूल बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि वाहनों को सुप्रीम कोर्ट की गाईड लाईन के अनुसार निर्धारित मापदण्ड पूर्ण करने पर तथा निर्धारित दस्तावेज पूर्ण होने पर ही मार्ग पर संचालित करें। साथ ही क्षेत्र में संचालित होने वाली वाहनों को चेक कर वाहन स्वामियों को निर्देशित किया कि वे अपने वाहनों के पीयूसी प्रमाण-पत्र मान्यता प्राप्त प्रदूषण जांच केन्द्र से शीघ्र बनवा लें। आगामी कार्यवाही में पीयूसी नहीं पाए जाने पर दण्डात्मक चालानी कार्यवाही की जावेगी।




