देवास

नवदुर्गा से पहले संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता एवं आईजी नवनीत भसीन ने देवास माताजी की टेकरी पर किया पूजन, तैयारियों का लिया जायजा……

कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने दी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी; सुगम दर्शन, सुरक्षा व पेयजल पर विशेष ध्यान

भीड़ नियंत्रण हेतु शंख द्वार और जैन मंदिर के पास 2 होल्डअप एरिया; नगर निगम परिसर के समीप सुगम पार्किंग व्यवस्था

आगामी शारदीय नवदुर्गा पर्व के दृष्टिगत उज्जैन संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) श्री राकेश गुप्ता एवं पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री नवनीत भसीन ने देवास स्थित प्रसिद्ध माताजी की टेकरी पहुंचकर दर्शन, पूजन करते हुए व्यवस्था का निरीक्षण कर जायज़ा लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, बड़ी माता मंदिर एवं छोटी माता मंदिर परिसर में पहुंचकर दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और नागरिक सुविधाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने निर्देशित किया कि पर्व के दौरान आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, प्रत्येक प्रमुख स्थल पर शुद्ध पेयजल, सुव्यवस्थित छाया और निर्बाध आवागमन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उज्जैन संभागायुक्त, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक द्वारा कंट्रोल रूम और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से जायजा लिया गया है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक दर्शन कराने के लिए बैरिकेडिंग और क्राउड मैनेजमेंट की त्रिस्तरीय योजना लागू की गई है। इसके अंतर्गत दो प्रमुख होल्डअप एरिया-पहला शंख द्वार के नीचे तथा दूसरा जैन मंदिर के पास तैयार किए गए हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं को होल्डअप एरिया में कम से कम समय रुकना पड़े और कतार निरंतर गतिशील रहे। विशेषकर घटस्थापना तथा सप्तमी, अष्टमी और नवमी जैसे अत्यधिक भीड़ वाले दिनों के लिए अतिरिक्त वालंटियर्स, पुलिस-प्रशासनिक बल एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से पुख्ता क्राउड मैनेजमेंट सुनिश्चित किया गया है।
कलेक्टर श्री सिंह ने आगे बताया कि सुरक्षा एवं सतत निगरानी के लिए पूरे परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। साथ ही, श्रद्धालुओं को धूप व गर्मी से राहत देने के लिए पैदल मार्गों पर टेंट तथा जमीन पर कालीन (कार्पेट) बिछाने की व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में बताया कि नगर निगम भवन के समीप सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी विषम परिस्थिति से त्वरित गति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहेगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने टेकरी क्षेत्र में 24 घंटे स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के संबंध में जानकारी साझा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

कृपया खुद मेहनत करें । "धन्यवाद"