“संवाद से विश्वास, जागरूकता से सुरक्षा”देवास पुलिस की जनचौपाल-हमारी पुलिस देवास पुलिस….

🔹 जिले के 06 स्थानों पर जनचौपाल आयोजित कर आमजन से किया गया सीधा संवाद
🔹 आगामी दुर्गा पूजा एवं त्यौहारों को शांति, सद्भाव एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील
🔹 सायबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
🔹 ऑपरेशन “त्रिनेत्रम” के तहत सीसीटीवी कैमरों के महत्व की जानकारी देकर कैमरे लगाने हेतु किया प्रेरित
संक्षिप्त विवरणः— पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में पुलिस एवं आमजन के मध्य बेहतर संवाद, विश्वास एवं समन्वय स्थापित करने तथा नागरिकों को सुरक्षा एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में नियमित रूप से जनचौपाल आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा कुल 06 स्थानों पर जनचौपाल आयोजित कर स्थानीय नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद किया गया। इस दौरान आमजन की समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराधों की रोकथाम, सायबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं आगामी त्यौहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक समझाइश दी गई।
जनचौपाल का स्थानवार विवरण— थाना विजयागंज मंडी द्वारा ग्राम जवासिया गोहिल, थाना औद्योगिक क्षेत्र द्वारा मदन डेयरी चौराहा, थाना सिविल लाईन द्वारा चाणक्यपुरी मल्टी, थाना उदयनगर द्वारा ग्राम कंडिया, थाना भौरांसा द्वारा ग्राम मगरिया एवं थाना सतवास द्वारा कस्बा सतवास में जनचौपाल आयोजित कर आमजन से सीधा संवाद किया गया तथा सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों के संबंध में जागरूक किया गया।
आगामी दुर्गा पूजा एवं त्यौहारों को लेकर शांति-सौहार्द की अपील
जनचौपाल के दौरान नागरिकों एवं आयोजन समितियों को आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की समझाइश दी गई। दुर्गा पंडालों एवं आयोजन स्थलों पर विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने हेतु कहा गया। आमजन से त्यौहारों के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने हेतु भी प्रेरित किया गया।
ऑपरेशन “त्रिनेत्रम”—सीसीटीवी कैमरों को बताया सुरक्षा का प्रभावी माध्यम
ऑपरेशन “त्रिनेत्रम” के तहत नागरिकों को सीसीटीवी कैमरों के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि कैमरे अपराधों की रोकथाम, घटनाओं के त्वरित खुलासे एवं आरोपियों की पहचान में महत्वपूर्ण सहायक सिद्ध होते हैं। नागरिकों को अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु प्रेरित किया गया।
सायबर फ्रॉड से रहें सतर्क—तत्काल 1930 पर करें शिकायत
आमजन को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक एवं ऑनलाइन प्रलोभनों से सावधान रहने तथा OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। किसी भी प्रकार का सायबर फ्रॉड होने पर बिना समय गंवाए तत्काल सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं नशामुक्ति का दिया संदेश
नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने, निर्धारित गति में वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। साथ ही नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर युवाओं को नशे से दूर रहने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। देवास पुलिस द्वारा जनचौपाल के माध्यम से त्यौहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा, सायबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, सीसीटीवी कैमरों के महत्व एवं अपराधों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आमजन को निरंतर जागरूक किया जा रहा है।
देवास पुलिस की आमजन से अपील— आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्यौहारों को शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। अफवाहों से बचें एवं सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस सहायता हेतु तत्काल DIAL 112 पर कॉल करें।
उल्लेखनीय है कि देवास पुलिस ने 01 नवम्बर 2024 से आज दिनांक तक कुल 4503 जनचौपाल आयोजित कर 145220 लोगों से प्रत्यक्ष संवाद किया है।



