सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की त्वरित सहायता हेतु जनचौपाल का आयोजन- अनिता सिंह भौंरासा थाना प्रभारी….

• देवास पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियान के तहत ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में विशेष पहल
पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने एवं आमजन को जीवन रक्षक प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक 03.06.2026 को भौंरासा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवरी फाटा स्थित चिन्हित दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थल पर जनचौपाल का आयोजन किया गया।
जनचौपाल में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली श्री संजय सिंह बैस, थाना प्रभारी भौंरासा श्रीमती अनिता सिंह,एफआरवी स्टाफ,पुलिस सहायता केंद्र के कर्मचारीगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ब्लैक स्पॉट क्षेत्र के आसपास निवासरत नागरिकों को सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने, एम्बुलेंस एवं पुलिस को शीघ्र सूचना देने तथा दुर्घटना पीड़ितों के जीवन को बचाने हेतु आवश्यक कदमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सक द्वारा नागरिकों को प्राथमिक उपचार (First Aid) एवं सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही नागरिकों को केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना एवं हिट एंड रन योजना के प्रावधानों एवं लाभों से अवगत कराया गया। जनचौपाल में उपस्थित सभी नागरिकों को स्थानीय अस्पताल, थाना भौरासा, एफआरवी एवं पुलिस सहायता केंद्र के आवश्यक मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग हेतु प्राथमिक उपचार किट भी वितरित की गई।
देवास पुलिस द्वारा आमजन की सहभागिता से सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु एवं गंभीर चोटों की संख्या में कमी लाने तथा दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।




