मारपीट कर वाहन चालक का अपहरण कर जबरन रुपये वसूलने वाले दो आरोपी गिरफ्तार-आलोक सोनी नाहर दरवाजा थाना प्रभारी

- लोडिंग वाहन चालक को कार में जबरन बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर की मारपीट ।
- जान से मारने की धमकी देकर फरियादी के खाते से ₹ 4,437/- रुपये ट्रांसफर कराए ।
- घटना में प्रयुक्त कार सहित दो आरोपी गिरफ्तार ।
संक्षिप्त विवरणः- पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में लूट,अपहरण एवं जबरन वसूली जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नाहर दरवाजा पुलिस द्वारा वाहन चालक के साथ मारपीट कर उसका अपहरण कर जबरन रुपये वसूलने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
दिनांक 03.06.2026 को फरियादी दिपेश सोनी पिता दिनेश सोनी उम्र 23 वर्ष निवासी वृन्दावधाम कॉलोनी रेती मंडी के पास देवास ने थाना नाहर दरवाजा पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 01.06.2026 को रात्रि लगभग 09:45 बजे वह अपनी लोडिंग वाहन सुपर केरी क्रमांक MP09DF9145 में सीएनजी भरवाने हेतु देवकर फ्यूल्स एबी रोड बायपास देवास गया था। सीएनजी भरवाने के बाद पेट्रोल पंप से बाहर निकलते समय पीछे से आई मारुति कार क्रमांक MP13AK0785 ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। गाड़ी से उतरे दो अज्ञात युवकों ने फरियादी के साथ अभद्र गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा वाहन क्षति का हवाला देकर ₹20,000/- की मांग की। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने फरियादी का मोबाइल फोन एवं वाहन की चाबी छीन ली तथा उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर विभिन्न स्थानों पर ले जाकर मारपीट की। आरोपियों ने फरियादी को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके फोन-पे खाते की जानकारी प्राप्त कर ₹4,437/- रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए तथा बाद में उसे छोड़कर फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नाहर दरवाजा पर अपराध क्रमांक 149/2026 धारा 308(5),296(ए),3(5) BNS का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास श्री सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नाहर दरवाजा श्री आलोक सोनी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीव्ही फुटेजों का अवलोकन किया गया, जिसमें घटना में प्रयुक्त मारुति कार क्रमांक MP13AK0785 चिन्हित हुई । तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी अनिकेत एवं दीपेन्द्र को पुलिस अभिरक्षा में लेकर प्रारंभिक पुछताछ में आरोपियो ने घटना कारित करना स्वीकार किया । आरोपियो के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार जप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।
गिरफ्तार आरोपीः-
01.अनिकेत पिता विक्रम सिंह ठाकुर उम्र 26 वर्ष निवासी देव महाराज मंदिर के पास गोपालपुरा थाना पार्वती जिला सीहोर।
- दीपेन्द्र सिंह ठाकुर पिता लाखन सिंह ठाकुर उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम गोपालपुरा, कुंडी आष्टा रोड थाना पार्वती जिला सीहोर।
जप्त मश्रुकाः-
- घटना में प्रयुक्त मारुति कार (फ्रॉक्स) क्रमांक MP13AK0785 कीमत लगभग ₹ 9,56,000/- जप्त ।
- घटना में उपयोग किए गए मोबाइल फोन।
सराहनीय भूमिकाः- उक्त सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी नाहर दरवाजा श्री आलोक सोनी,उनि राकेश बौरासी,सउनि कमल झोडिया,प्रआर भगवान राठौर,आर नवदीप महाजन,विशाल मुवेल,बृजेश एवं प्रभारी सायबर सेल देवास प्रआर शिवप्रताप सिंह सेंगर,प्रआर सचिन चौहान की सराहनीय भूमिका रही ।




